भास्कर के सवाल पर बोले-सीएम डॉ.यादव:ग्वालियर मेले में ऑटोमोबाइल को मिलेगी छूट, जल्द जारी होंगे आदेश

व्यापार मेले में रोड टैक्स में 50 फीसदी छूट मिलने को लेकर चल रहीं अटकलों को रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विराम दे दिया। दैनिक भास्कर के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले में ऑटोमोबाइल्स सेक्टर को छूट जरूर दी जाएगी। इसके आदेश जल्द ही जारी किए जाएंगे। तानसेन समारोह से एयरपोर्ट जाते समय मुख्यमंत्री के साथ गाड़ी में बैठे भास्कर संवाददाता ने मेले में रोड टैक्स की छूट दिए जाने को लेकर सवाल किया था। इस पर गाड़ी में ही बैठे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि हमने सुबह ही व्यापारियों की मांग के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराया था, उन्होंने आश्वस्त किया है कि वे जल्द ही इस मामले को कैबिनेट में लाकर छूट की मंजूरी दिलवाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि परंपरा से जो छूट ग्वालियर मेले में मिलती आई है, वह जरूर दी जाएगी। व्यापारी मेले को लेकर अपनी तैयारियां शुरू करें। इसी बीच केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट से कहा कि वे कैबिनेट मीटिंग में इस मामले को ध्यान से लेकर आएं। उल्लेखनीय है कि ग्वालियर व्यापार मेले में वर्ष 2003 तक छूट लगातार मिलती रही। उसके बाद छूट देना बंद कर दिया गया। पांच साल बाद 2008-09 के मेले में रोड टैक्स पर 50 फीसदी छूट दी गई। लेकिन इसके बाद छूट का प्रावधान बंद किया गया तो दस साल बाद कांग्रेस सरकार में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने इसे दोबारा शुरू कराया। उसके बाद से लगातार मेले में रोड टैक्स की छूट का मिलना जारी है। हालांकि सरकार द्वारा बीच-बीच में छूट बंद किए जाने के कारण ऑटोमोबाइल कारोबारी आशंकित रहते हैं। वे छूट का आदेश जारी होने के बाद ही मेले में अपना शोरूम बनाना शुरू करते हैं। इस कारण मेला निर्धारित तिथि पर शुरू न होकर लेट शुरू होता है।”

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *