जांजगीर-चांपा जिले के चांपा नगर में एक हिंदू सम्मेलन आयोजित किया गया। परशुराम चौक स्थित भाले राव स्टेडियम में हुए इस सम्मेलन में अखिल भारतीय घर वापसी प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान 210 मतांतरित परिवारों की विधिवत घर वापसी कराई गई। इस अवसर पर हवन-पूजन किया गया और परिवारों के पैर धोकर उन्हें धार्मिक ग्रंथ भेंट किए गए। सम्मेलन का उद्देश्य जात-पात में बंटे हिंदुओं को एकजुट कर सनातन धर्म की ओर वापसी के लिए प्रेरित करना था। धर्म जागरण से जुड़े अखिल भारतीय पदाधिकारी और अन्य वक्ताओं ने हिंदू धर्म के मूल सिद्धांतों और सांस्कृतिक परंपराओं पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने परिवारों से अपील की कि वे किसी प्रलोभन या बहकावे में आकर अपना धर्म न बदलें और अपनी देवी-देवताओं व परंपराओं से जुड़े रहें। दिया जा रहा प्रार्थना सभाओं के जरिए प्रलोभन प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि देश में धर्म परिवर्तन कराने की गतिविधियां बढ़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भय दिखाकर और अब प्रार्थना सभाओं के माध्यम से प्रलोभन देकर लोगों का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस विषय में राज्य सरकार से कड़े कानून बनाने को लेकर चर्चा हुई है और आगामी सत्र में धर्मांतरण रोकने के लिए सख्त प्रावधान लागू होने की उम्मीद है। घर वापसी करने वाले परिवारों का संकल्प सम्मेलन में शामिल होकर घर वापसी करने वाले परिवारों ने कहा कि वे अब किसी भी प्रकार के बहकावे में नहीं आएंगे और सनातन धर्म के मार्ग पर चलेंगे। हिंदू धर्म जागरण संगठन ने भविष्य में नगर, जिला और प्रदेश स्तर पर ऐसे सम्मेलन आयोजित करने, गांव-गांव जाकर जागरूकता अभियान चलाने और अधिक से अधिक मतांतरित परिवारों की घर वापसी कराने की योजना की घोषणा की।


