जय स्तंभ चौक बना यातायात जागरूकता का केंद्र:जशपुर पुलिस ने नुक्कड़ नाटक और हेलमेट रैली से दिया सुरक्षा संदेश

जशपुर पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कुनकुरी के जय स्तंभ चौक पर एक यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चल रहे सड़क सुरक्षा माह (1 जनवरी से 31 जनवरी 2026) का हिस्सा था। कार्यक्रम की शुरुआत कांसाबेल की जीवन झरना समिति द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक से हुई। नाटक के माध्यम से बिना हेलमेट वाहन चलाने, तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाली दुर्घटनाओं को दर्शाया गया। कलाकारों ने संदेश दिया कि सड़क पर की गई एक छोटी सी गलती पूरे परिवार के जीवन को प्रभावित कर सकती है। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार, वरिष्ठ नागरिक राधेश्याम जिंदल, थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश कुमार यादव और यातायात प्रभारी जशपुर उप निरीक्षक प्रदीप मिश्रा उपस्थित रहे। एएसपी ने कहा- हेलमेट केवल चालान के लिए नहीं, जीवन की सुरक्षा के लिए पहनें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क दुर्घटनाएं असामान्य मौतों का एक बड़ा कारण बन रही हैं, जिसकी मुख्य वजह यातायात नियमों की अनदेखी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हेलमेट चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए पहनना चाहिए। पाटनवार ने बताया कि दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में सिर में लगने वाली गंभीर चोटें मौत का प्रमुख कारण होती हैं, जिन्हें हेलमेट पहनकर रोका जा सकता है। उन्होंने वाहन चालक के साथ-साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की। सुरक्षित ड्राइविंग के बारे में दी गई जानकारी वरिष्ठ नागरिक राधेश्याम जिंदल ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने युवाओं से ओवर स्पीडिंग से बचने, नशे में वाहन न चलाने और हेलमेट व सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने का आग्रह किया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी राकेश कुमार यादव और यातायात प्रभारी प्रदीप मिश्रा ने नागरिकों को यातायात नियम, नियमों का उल्लंघन करने पर मिलने वाले दंड और सुरक्षित ड्राइविंग के बारे में विस्तार से बताया। पुलिस टीम ने हेलमेट जागरूकता बाइक रैली निकाली कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने “हेलमेट पहनो, सुरक्षित रहो” संदेश के साथ हेलमेट जागरूकता बाइक रैली निकाली। रैली में आम नागरिकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया गया और कई लोगों को हेलमेट वितरित किए गए। साथ ही जनसमूह से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग की शपथ दिलाई गई। अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि केवल यातायात नियमों का पालन करने से ही दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। जागरूकता सुरक्षा की पहली शर्त है, क्योंकि आपका जीवन आपके और आपके परिवार के लिए अनमोल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *