अधूरे कामों और अनदेखी पर अधिकारियों को दिए निर्देश:सांसद ने योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों और गुणवत्ता पर की चर्चा

करौली जिले में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने सक्रियता दिखाई है। इसी क्रम में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। इसमें योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों और उनकी गुणवत्ता पर विस्तार से चर्चा हुई। करौली-धौलपुर सांसद भजनलाल जाटव ने बैठक को संबोधित करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन और ग्रामीणों को उनकी पात्रता के अनुसार केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से अधिक से अधिक लाभान्वित किया जाना सुनिश्चित करें। सांसद ने सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के तहत पूर्व में स्वीकृत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों में एस्टीमेट या भूमि अधिग्रहण संबंधी संशोधन की आवश्यकता है, उनके संशोधित प्रस्ताव शीघ्र सक्षम स्तर पर भेजे जाएं। सांसद ने अधूरे पड़े सड़क और अन्य विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने पर जोर दिया। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) को निर्देश दिए गए कि जिले में जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए और उनकी गुणवत्ता में सुधार लाया जाए। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार लाभ दिलाने और लंबित किश्तों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों को लंबित विद्युत कनेक्शन और ट्रांसफॉर्मर संबंधी आवेदनों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, मुद्रा लोन, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा योजना और सुकन्या समृद्धि योजना की प्रगति की समीक्षा की गई और अग्रणी बैंक प्रबंधक से विस्तृत विवरण प्राप्त किया गया। टोडाभीम विधायक घनश्याम महर ने अपने क्षेत्र में अधूरे सड़क कार्यों और अन्य विकास कार्यों को समय पर पूरा करने की आवश्यकता पर बल दिया। जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर उन्हें आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। बैठक में पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिवचरण मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति सदस्य उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *