तरनतारन पुलिस की सीआईए टीम ने एक बड़े गैंग का पर्दाफाश किया है। यह गैंग ड्रोन की मदद से पाकिस्तान से हथियार और गोला-बारूद मंगाता था। पुलिस ने भारत-पाक सीमा के पास से गैंगस्टर प्रभ दासूवाल के तीन गुर्गों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 2 पिस्टल (30 बोर मैगजीन के साथ), AK-47 राइफल (2 मैगजीन के साथ) और AK-47 के 20 गोलियां बरामद की हैं। पुलिस ने खालड़ा थाने में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की पूछताछ के लिए कोर्ट में पेश कर आरोपियों का रिमांड मांगा है। फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी गिरफ्तार आरोपियों तलवंडी मसंदन सिंह निवासी सुखदेव सिंह उर्फ सुखा गिल, दलीरी निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपा और दलीरी निवासी मान सिंह उर्फ माहना शामिल हैं। पुलिस इनके दो अन्य साथियों, चीमा निवासी जोबनप्रीत सिंह उर्फ बिट्टू और दलीरी निवासी आकाशदीप सिंह उर्फ कैमरा की तलाश में छापेमारी कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि यह छह सदस्यीय गैंग गैंगस्टर प्रभ दासूवाल के निर्देश पर विभिन्न आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस यह जांच कर रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल कहां किया जाना था और उनका निशाना कौन था। फिलहाल, प्रभ दासूवाल सहित पांच लोगों के खिलाफ खालड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया है।


