नागौर जिला पुलिस ने अजमेर रोड पर घेराबंदी कर तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 15.61 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई है। पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि अजमेर जाने वाले मार्ग पर केटर मशीन के पास मौजा चेनार रोड पर मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। इस पर कोतवाली थानाधिकारी अमरचन्द और डीएसटी प्रभारी मुकेश चन्द्र के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर दबिश देकर संदिग्ध आरोपी अनिल चौधरी निवासी खरनाल को रोका। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी अनिल चौधरी को गिरफ्तार करने के साथ ही तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल (आरजे 21 एसएक्स 2083) को भी जब्त कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस पूरी कार्रवाई में जिला विशेष टीम (DST) का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।


