खैरथल-तिजारा जिले की ग्राम पंचायत बड़ली में खो-खो मैट निर्माण सामग्री की खरीद में अनियमितताओं के मामले में राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। पंचायत राज विभाग, राजस्थान सरकार ने प्रशासक एवं निवर्तमान सरपंच श्रीमती लक्ष्मी देवी को उनके पद से हटा दिया है। यह कार्रवाई विभागीय जांच में अनियमितताएं सामने आने के बाद की गई है। पंचायत राज विभाग द्वारा जारी विभागीय आदेश क्रमांक 13524345 दिनांक 11 फरवरी 2025 के तहत यह कार्रवाई अमल में लाई गई। आदेश में पंचायत समिति मुंडावर, जिला खैरथल-तिजारा की ग्राम पंचायत बड़ली की प्रशासक लक्ष्मी देवी को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। विभागीय आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय सक्षम स्तर से अनुमोदित है। जिला कलेक्टर को तत्काल कार्रवाई के निर्देश सरकारी आदेश के अनुसार, जिला कलेक्टर खैरथल-तिजारा सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक स्तर पर आदेश की पालना को लेकर संबंधित विभागों में हलचल देखी जा रही है। विद्यालय में निर्माण सामग्री खरीद का मामला यह पूरा मामला ग्राम रायपुर स्थित शहीद करण सिंह उच्च प्राथमिक विद्यालय में खो-खो मैट निर्माण सामग्री की खरीदी से जुड़ा है। जांच में खरीद प्रक्रिया को लेकर नियमों की अनदेखी और अनियमितताओं के आरोप सामने आए थे, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। पंचायत राज विभाग में और कार्रवाई की अटकलें इस कार्रवाई के बाद पंचायत राज विभाग में आगे भी सख्त कदम उठाए जाने की संभावना जताई जा रही है। जानकारों का मानना है कि यह फैसला भ्रष्टाचार के मामलों में राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाता है और आने वाले समय में ऐसे मामलों पर और कड़ी नजर रखी जा सकती है।


