बरनाला जिले के ठीकरीवाला गांव में गुटका साहिब की बेअदबी के मामले में तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार बाबा टेक सिंह धनौला ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने गुरुवार को ठीकरीवाला गांव के गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, पंचायत और गणमान्य लोगों से मुलाकात की। इसके बाद जत्थेदार ने बरनाला पुलिस प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम दिया। जत्थेदार टेक सिंह धनौला ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि महान शहीद सेवा सिंह ठीकरीवाला की पुण्यतिथि पर गुटका साहिब की बेअदबी की गई। उन्होंने पुलिस को इस घटना के मुख्य साजिशकर्ता को सामने लाने के लिए दो दिन का समय दिया है। पंजाब का माहौल खराब करने में लगे लोग : धनौला उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर बेअदबी के मुख्य दोषियों को सामने नहीं लाया गया, तो वे सिख समुदाय के साथ बैठक करेंगे और कड़ा संघर्ष शुरू करेंगे। जत्थेदार धनौला ने यह भी आरोप लगाया कि गुरु साहिब की बेअदबी करने वालों के पीछे ऐसी एजेंसियां हैं, जो पंजाब का माहौल खराब करना चाहती हैं। इस संबंध में बरनाला के डीएसपी सतवीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद भी ले रही है और इस मामले को सुलझाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।


