रायपुर पुलिस ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 11 इंटर स्टेट ठगों को अरेस्ट किया है। आरोपी शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर ज्यादा कमाई का लालच देकर लोगों से ठगी की थी। गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र से 5, उत्तर प्रदेश से 2, तेलंगाना, मध्यप्रदेश, राजस्थान और उड़ीसा से 1-1 आरोपी शामिल हैं। इन आरोपियों के खिलाफ देश के 66 अलग-अलग थाने और साइबर सेल में केस दर्ज हैं। आरोपियों ने छत्तीसगढ़ में 1 करोड़ 80 लाख रुपए की ठगी की थी। केस- 1 पहला मामला राखी थाना क्षेत्र का है। दरअसल, माया तिवारी पटेल के साथ शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 89 लाख रुपए की ठगी गई थी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने धारा 318(4), 3(5) के तहत केस दर्ज किया था। केस- 2 दूसरा मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है। जहां जयंत चंद्राकर से शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 26 लाख रुपए की ठगी की गई थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने धारा 318(4), 3(5) के तहत केस दर्ज किया था। केस- 3 तीसरा मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। सत्येंद्र श्रीवास्तव से शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 32 लाख रुपए की ठगी की गई थी। जिस पर पुलिस ने धारा 318(4), 3(5) और 66(D) आईटी एक्ट के तहत मामले दर्ज किया था। पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और वॉट्सऐप डेटा का विश्लेषण किया और आरोपी को पकड़ा। केस- 4 चौथा मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है। कपिल दासवानी से ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब के बहाने 15 लाख रुपए की ठगी की गई थी। जिस पर पुलिस ने धारा 318(4) केस दर्ज किया था। बैंक जानकारी और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपी चिह्नित किया गया। केस- 5 पांचवां मामला रेंज साइबर थाना क्षेत्र का है। राहुल सिंह से शेयर ट्रेडिंग में अत्यधिक लाभ का लालच देकर 18 लाख रुपए की ठगी की गई। जिस पर धारा 318(4) और 66(D) आई.टी. एक्ट के तहत केस दर्ज करते हुए पुलिस ने मोबाइल सर्विस प्रोवाइडर और वॉट्सऐप से मिली जानकारी से आरोपी की पहचान की। गिरफ्तार आरोपी और उनकी भूमिका ओंकार बंगारी (27), पुणे, महाराष्ट्र भूमिका – ठगी की राशि को विभिन्न लेयर के बैंक खातों के माध्यम से अन्य आरोपियों तक पहुंचाना(कुल 11 रिपोर्ट दर्ज) पवन शाखाराम बुरकुल (23), जालना, महाराष्ट्र भूमिका – कमीशन पर फर्जी बैंक खाते खुलवाना(कुल 6 रिपोर्ट दर्ज) रितेश बारहटे, नाशिक, महाराष्ट्र भूमिका – फर्जी कंपनियों के बैंक खातों के माध्यम से रकम को घुमाना(कुल 17 रिपोर्ट दर्ज) साहिल संतोष महले, नाशिक, महाराष्ट्र भूमिका – कमीशन के आधार पर बैंक खाते उपलब्ध कराना(कुल 5 रिपोर्ट दर्ज) युवराज आठवले (21), सोलापुर, महाराष्ट्र भूमिका – ठगी के लिए फर्जी प्रमोशनल मैसेज भेजना राजू शर्मा (18), कुशीनगर, उत्तरप्रदेश भूमिका – यूट्यूबर, सोशल मीडिया पर प्रमोशनल वीडियो वायरल कर ठगी का प्रचार और गिरोह विस्तार आकाश बरनवाल (24), लखनऊ, उत्तरप्रदेश भूमिका – कमीशन लेकर फर्जी बैंक खातों की व्यवस्था करना डोंतामाला किशोर कुमार (40), हैदराबाद, तेलंगाना भूमिका – फर्जी कंपनियों के खातों से रकम को घुमाना(कुल 9 रिपोर्ट दर्ज) आनंद बड़ोनिया (37), ग्वालियर, मध्यप्रदेश भूमिका – शेयर ट्रेडिंग फ्रॉड को योजनाबद्ध तरीके से संचालित करना(कुल 14 रिपोर्ट दर्ज) भवानी सिंह राजपूत (23), अजमेर, राजस्थान भूमिका – कमीशन पर फर्जी बैंक खाते खुलवाना(कुल 4 रिपोर्ट दर्ज) भागीरथी महतो (21), सुंदरगढ़, ओडिशा भूमिका – फर्जी प्रमोशनल मैसेज भेजना और गिरोह में लोगों को जोड़ना


