हकीमखेड़ी में 274 मतदाताओं के नाम हटाने का आरोप:ग्रामीणों ने फर्जी आपत्तियों की जांच की मांग की, SDM को ज्ञापन

रायसेन जिले के सांची विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 142 के ग्राम हकीमखेड़ी में मतदाता सूची को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मतदान केंद्र क्रमांक 195 की सूची से 274 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फर्जी आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। ग्रामीणों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि वे हकीमखेड़ी के स्थायी निवासी हैं और उनके परिवार सात पीढ़ियों से इसी गांव में रह रहे हैं। उनके नाम पूर्वजों के समय से लगातार मतदाता सूची में दर्ज हैं। इसके बावजूद, भारत निर्वाचन आयोग की SIR योजना के तहत चल रहे सर्वे के दौरान कुछ लोगों ने कथित तौर पर साजिश रचकर उनके नाम हटाने के लिए आपत्तियां दर्ज कराईं। आवेदकों के अनुसार, इन आपत्तियों में यह दर्शाने का प्रयास किया गया है कि संबंधित 274 व्यक्ति ग्राम हकीमखेड़ी के निवासी नहीं हैं, जबकि यह दावा पूरी तरह गलत है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह पूरी प्रक्रिया फर्जी और दुर्भावनापूर्ण है, जिसका मुख्य उद्देश्य उन्हें उनके मताधिकार से वंचित करना है। ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफिसर, राजस्व अनुभाग रायसेन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने यह भी आग्रह किया है कि जिन मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटाने की आपत्ति लगाई गई है, उनके नाम मतदाता सूची में यथावत बनाए रखे जाएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *