मंडला जिले में आयोजित ‘मंडला गॉट टैलेंट’ प्रतियोगिता का सेमीफाइनल राउंड गुरुवार को झंकार भवन में शुरू हुआ। इस चरण में जिले के उभरते कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर फाइनल में जगह बनाने के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। सेमीफाइनल राउंड में गायन विधा के 26 और नृत्य विधा के 15 प्रतिभागी शामिल हैं। आयोजकों के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को झंकार भवन में दो दिनों तक चले ऑडिशन में जिलेभर से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया था। ऑडिशन प्रक्रिया 19 जनवरी को गायन विधा से शुरू हुई थी, जबकि 20 जनवरी को गायन के शेष प्रतिभागियों के साथ-साथ नृत्य विधा के ऑडिशन भी पूरे किए गए। गुरुवार को सेमीफाइनल के दौरान पहले गायन विधा और उसके बाद नृत्य विधा के प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। आयोजन एवं चयन समिति द्वारा प्रतिभागियों के प्रदर्शन का बारीकी से मूल्यांकन किया जा रहा है। सेमीफाइनल के बाद फाइनल राउंड के लिए चयनित प्रतिभागियों की घोषणा देर रात की जाएगी। सेमीफाइनल राउंड में कलेक्टर सोमेश मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना की और कलाकारों को निरंतर अभ्यास करने, सकारात्मक सोच बनाए रखने तथा अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।’ मंडला गॉट टैलेंट’ प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले के कलाकारों को स्थानीय स्तर पर मंच प्रदान करना और उन्हें बड़े मंच तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शक और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल राउंड शुक्रवार शाम को ज्ञानदीप विद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा, जहां चयनित प्रतिभागी अपनी अंतिम प्रस्तुतियां देंगे।


