देवास जिले के कांटाफोड़ थाने में गुरुवार सुबह पुलिस हिरासत से दो संदिग्ध युवक अचानक फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने करीब 7 घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को सतवास थाना क्षेत्र से दोबारा पकड़ लिया है। पकड़े गए युवकों के नाम नंदलाल मीणा (20) और रोहन बिजैरिया (20) हैं, जो जानसूर गांव के रहने वाले हैं। पानी पीने के बहाने पुलिस को दिया चकमा एडिशनल एसपी सौम्या जैन ने बताया कि क्षेत्र के एक गणेश मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस इन दोनों से पूछताछ कर रही थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उन्हें थाने लाया गया था। गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे दोनों ने पानी पीने और वॉशरूम जाने की बात कही। पुलिसकर्मियों की नजर बचते ही दोनों युवक मौका पाकर थाना परिसर से बाहर निकल गए और भाग निकले। सतवास पुलिस ने पकड़ा दोनों के थाने से भागने के 4 घंटे बाद कांटाफोड़ टीआई ने इनके फोटो सोशल मीडिया पर जारी किए और जनता से सूचना देने की अपील की। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखने और इनाम देने का वादा भी किया गया। इसके बाद दोपहर करीब 3:30 बजे सतवास पुलिस ने दोनों युवकों को डाबरी गांव के एक खेत से घेराबंदी कर पकड़ लिया। एडिशनल एसपी बोले- सुरक्षा में चूक की जांच होगी पुलिस हिरासत से भागने की इस घटना ने थाने की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले में एडिशनल एसपी सौम्या जैन ने बताया कि हमारी पहली प्राथमिकता फरार युवकों को जल्द से जल्द पकड़ना था, जिसमें पुलिस सफल रही। अब इस बात की बारीकी से जांच की जाएगी कि सुरक्षा में चूक कहां हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। फिलहाल दोनों युवकों को वापस थाने लाकर चोरी के मामले में आगे की पूछताछ की जा रही है।


