गढ़वा के लोगों की आस्था व सहयोग से जल्द बनेगा गढ़ देवी महिला सेवा सदन : पूर्व मंत्री

भास्कर न्यूज | गढ़वा पूर्व मंत्री सह मां गढ़ देवी मंदिर धार्मिक न्यास के अध्यक्ष रामचंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि गढ़वा जिले के लोगों की आस्था, विश्वास और सहयोग से गढ़वा प्रखंड के सुखबाना गांव में जल्द ही गढ़ देवी महिला सेवा सदन का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही मंदिर के ऊपरी तल्ले पर अर्धनारीश्वर महादेव की विधिवत पूजा नए पुजारी के माध्यम से कराई जाएगी। इससे स्थानीय लोगों को धार्मिक व सामाजिक सुविधा मिलेगी और विशेष रूप से गरीब व जरूरतमंद श्रद्धालुओं को इसका लाभ पहुंचेगा। गुरुवार को गढ़ देवी मोहल्ला स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पूर्व मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि गढ़वा में झारखंड राज्य की पहली अर्धनारीश्वर महादेव की प्रतिमा स्थापित की गई है, जो जिले के लिए गौरव की बात है। इस ऐतिहासिक प्रतिमा की स्थापना को लेकर 19 जनवरी को शहर में भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई थी। इसके बाद विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान और पूजा-अर्चना का शुभारंभ किया गया। पूर्व मंत्री ने बताया कि 23 जनवरी को वैदिक विधि-विधान के साथ यज्ञ की पूर्णाहुति की जाएगी। इस अवसर पर करीब 20 हजार श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्घाटन वे स्वयं करेंगे। मां गढ़ देवी मंदिर के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 1900 में मां गढ़ देवी का प्राकट्य हुआ था। उस समय मंदिर मात्र तीन फीट ऊंचा था और उसकी कोई चहारदीवारी भी नहीं थी। वर्ष 1974 में उन्होंने अपनी ओर से दो हजार रुपये देकर चहारदीवारी का निर्माण कराया, जिससे लोगों में जागरूकता बढ़ी। इसके बाद वर्ष 1997 में उन्हें धार्मिक न्यास का अध्यक्ष बनाया गया। उन्होंने बताया कि न्यास का अध्यक्ष बनते ही उन्होंने मंदिर में प्रचलित बलि प्रथा को बंद कराया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *