पुलिस ने 3.73 ग्राम हेरोइन व डिजिटल मशीन के साथ दो आरोपियों को पकड़ा

गढ़वा | पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन तस्करी में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में कुल 3.73 ग्राम हेरोइन तथा एक डिजिटल वजन मशीन बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में एक कुख्यात अपराधी भी शामिल है, जिसका आपराधिक इतिहास पहले से रहा है। पुलिस अधीक्षक गढ़वा को गुप्त सूचना मिली थी कि रमेश पासवान उर्फ कैलाश उर्फ कैल, पिता हरिचरण पासवान, निवासी नगवां मुहल्ला, थाना गढ़वा, पूर्व में कई मामलों में जेल जा चुका है और वर्तमान में हेरोइन का अवैध कारोबार कर रहा है। सूचना के अनुसार वह जितेंद्र उर्फ जीतू नामक व्यक्ति से हेरोइन खरीदकर स्थानीय युवकों को बेच रहा था। यह भी बताया गया कि उसके घर से कुछ युवक हेरोइन लेकर निकले हैं और त्वरित कार्रवाई करने पर उन्हें रंगे हाथ पकड़ा जा सकता है। सूचना के आलोक में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम द्वारा रमेश पासवान के घर पर छापामारी की गई, जहां से 1.53 ग्राम हेरोइन एवं एक डिजिटल वेट मशीन बरामद की गई। पूछताछ में रमेश पासवान ने स्वीकार किया कि वह हेरोइन का अवैध कारोबार करता है और यह नशा पदार्थ वह जितेंद्र उर्फ जीतू से खरीदता है। इसके साथ ही उसने यह भी बताया कि मेराल क्षेत्र की ओर का एक युवक उसके पास से हेरोइन लेकर गया है। आरोपी द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर मेराल थाना प्रभारी को सूचना देकर चेकिंग अभियान चलाया गया। इसके बाद पुलिस टीम मेराल थाना क्षेत्र पहुंची, जहां खजूरी ओवर ब्रिज के पास एक युवक को पकड़ा गया। उसकी पहचान अकबर अंसारी (26 वर्ष), पिता शफीक अंसारी, निवासी रेहड़वा टोला, थाना मेराल के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 2.20 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बरामद सभी सामग्रियों को विधिवत जब्त कर लिया है। इस छापामारी दल में पुलिस उपाधीक्षक चिरंजीवी मंडल, थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी, मेराल थाना प्रभारी विष्णुकांत, समेत कई पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। पुलिस के अनुसार रमेश पासवान का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में आरोपी रह चुका है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *