15 तक धान खरीदी की मांग, कांग्रेसियों ने चूहे का पिंजरा दिखाकर विरोध किया

भास्कर न्यूज | धमतरी समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी अब केवल एक सप्ताह और होगी। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि अभी भी हजारों किसान अपना धान नहीं बेच पाए हैं, इसलिए खरीदी की अंतिम तारीख को बढ़ाकर 15 फरवरी किया जाना चाहिए। उन्होंने कलेक्टर अबिनाश मिश्रा को गुरूवार को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टोरेट परिसर में चूहे का पिंजरा दिखाकर प्रतीकात्मक विरोध जताया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी चन्द्राकर, पूर्व विधायक डा. लक्ष्मी ध्रुव, मोहन लालवानी, आनंद पवार, कविता बाबर, कीर्ति मरकाम, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गौतम वाधवानी, योगेश शर्मा, खिलेन्द्र ध्रुव, मीना बंजारे, विक्रांत पवार, आशुतोष खरे, सूरज पासवान, उदय गुरू, प्रणय बच्चन समेत अन्य कांग्रेसियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। कहा कि भाजपा सरकार के राज में आज किसान, गरीब, मजदूर सभी वर्ग परेशान है। किसानों से जबरदस्ती रकबा समर्पण कराकर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महासमुंद, कोरबा जैसे जिलों में चूहों के नाम पर हुई करोड़ों की धान घोटाला धमतरी में न हो, इसके लिए चूहा पकड़ने का पिंजरा अधिकारी को सौंपा। साथ ही करीब 85 प्रतिशत धान की खरीदी हुई है। खाद, बिजली और पानी की समस्या के लिए पहले से संघर्ष कर रहे किसानों को अब उपज बेचने के समय भी प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने 15 फरवरी तक धान खरीदी का समय बढ़ाने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *