कोंडागांव| जिले में शासन की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक समीक्षा की गई। शासन की मंशा के अनुरूप जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक को आयुष्मान स्वास्थ्य योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से सामान्य आयुष्मान कार्ड एवं वय वंदन आयुष्मान कार्ड के शत-प्रतिशत निर्माण के निर्देश दिए गए हैं। सभी ब्लाकों की प्रगति की समीक्षा कर जहां कार्य की गति धीमी पाई गई, वहां शीघ्र लक्ष्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश जारी किए गए। समीक्षा के दौरान यह जानकारी सामने आई कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नए परिवार जुड़ने और नए राशन कार्ड बनने के कारण कुछ हितग्राहियों के नाम पूर्व की सूची में दोबारा दर्ज हो गए हैं। इस समस्या के निराकरण के लिए संबंधित हितग्राहियों के आधार कार्ड नंबर के साथ सूची तैयार कर शाखा को भेजने के निर्देश दिए गए, ताकि पुराने कार्ड विलोपित कर नए कार्ड बनाने की प्रक्रिया आसान हो सके।


