भास्कर न्यूज | कोंडागांव राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिले में 15 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना के निर्देशन में तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी रेनू प्रकाश के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग (जिला महिला सशक्तिकरण) द्वारा 16 से 30 जनवरी तक संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसके तहत जिलेभर में बाल विवाह की रोकथाम, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न एवं घरेलू हिंसा की रोकथाम संबंधी कानूनों, भारतीय न्याय संहिता 2023 एवं भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के तहत महिलाओं व बालिकाओं को प्राप्त विशेष अधिकारों की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही मिशन शक्ति अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं वन स्टॉप सेंटर, जिला महिला सशक्तिकरण केन्द्र (हब), शक्ति सदन, सखी निवास के बारे में जागरूकता बढ़ाई जा रही है। महिला उत्पीड़न इलेक्ट्रॉनिक शिकायत पोर्टल ई-बॉक्स, आपातकालीन सेवाएं जैसे महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड लाइन 1098 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी दी जा रही है। जागरूकता अभियान के तहत जिला एवं ब्लाक स्तर पर चिन्हांकित कन्या आवासीय आश्रम, छात्रावास, विद्यालय, आंगनबाड़ी केन्द्र, पंचायत एवं ब्लाक मुख्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्राम पंचायत बेलगांव (कोंडागांव), बड़े कुरूसनार, केशकाल, बड़ेडोंगर सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में महिलाओं के खिलाफ हिंसा उन्मूलन, गुड टच-बैड टच, पोषण आहार, पोषण पेटी, बाल संदर्भ योजना, महिला सशक्तिकरण, मोबाइल के दुष्परिणाम, सी-बॉक्स पोर्टल एवं विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।कार्यक्रमों के दौरान गीत, कविता, भाषण जैसी रचनात्मक गतिविधियां कराई गईं।


