कामडारा | पोकला गेट रेलवे क्रॉसिंग पर बुधवार रात लगभग 10 घंटे तक चले ओवरहॉलिंग व मरम्मत कार्य से मुख्य पथ पर दोनों छोर में वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जानकारी के मुताबिक पोकला गेट रेलवे क्रासिंग पर बुधवार की रात लगभग आठ बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक रेलवे के अधिकारियों के निर्देश पर पोकला लेबल क्रासिंग पर ओवरहॉलिंग व मरम्मत का कार्य किया गया। इस दौरान खूंटी-सिमडेगा मुख्य पथ पर रेलवे फाटक के दोनों छोर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई थी। वहीं गुरुवार की सुबह 6 बजे के आसपास मरम्मत का कार्य पूरा होने के बाद वाहनों का परिचालन शुरू हो गई। गुमला | जिले के पारंपरिक कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन, गुमला द्वारा की जा रही सतत पहल अब राष्ट्रीय स्तर पर परिणाम देने लगी है। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के मार्गदर्शन में किए गए प्रयासों के फलस्वरूप पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत गुमला जिले के कारीगर पंचू तुरी (आलोक तुरी) को दिल्ली हाट में स्टॉल आवंटित किया गया है, जहां वे अपने हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व जिला प्रशासन, गुमला, मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्योग विकास बोर्ड तथा नीड्स संस्था के बीच कारीगरों के कौशल विकास, पैकेजिंग एवं विपणन को सुदृढ़ करने हेतु समझौता ज्ञापन किया गया था। इस साझेदारी के माध्यम से कारीगरों को प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग एवं बाजार से जोड़ने का कार्य किया गया।


