केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड(सीबीएसई) का ट्रेड सेंटर के पास शेरपुर रोड पर रीजनल ऑफिस और सेंटर फॉर एक्सीलेंस शुरू हो गया है। अब मार्कशीट करेक्शन हो या टीचरों की ट्रेनिंग के लिए स्टूडेंट्स को मोहाली जाकर घंटों लाइन में नहीं लगना होगा। वह अब यह काम शहर स्थित रीजनल ऑफिस में करवा सकते है। सीबीएसई ने लुधियाना और पंचकूला के रीजनल कार्यालय के प्रशासनिक कार्यों का बंटवारा कर दिया है। लुधियाना स्थित रीजनल आफिस में पंजाब और जम्मू एंड कश्मीर के सीबीएसई से एफिलिएटेड स्कूलों के शिक्षक और स्टूडेंट्स काम करवाने के लिए आ सकेंगे। जबकि पंचकूला स्थित रीजनल ऑफिस में हरियाणा के 10 जिले, हिमाचल, चंडीगढ़, लद्दाख यूटी के स्टूडेंट्स अपने काम करवा सकेंगे। इस संबंध में सीबीएसई के सेक्रेटरी हिमांशू गुप्ता की तरफ से नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। शहर स्थित रीजनल सेंटर में संजय कुमार विष्ट को सीबीएसई ने आरओ नियुक्त किया है। स्टूडेंट्स को यह फायदा होगा रीजनल आफिस में स्टूडेंट्स मार्कशीट में नाम, सरनेम या जन्मतिथि गलत है, तो अब यह काम लुधियाना में ही होगा। सर्टिफिकेट खो जाने पर वह आफिस आकर डुप्लीकेट कॉपी ले सकेंगे। विदेश जाने वाले स्टूडेंट्स या कॉलेज एडमिशन के लिए डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में तेजी आएगी। इस तरह कई प्रकार के काम स्टूडेंट्स रीजनल आफिस में करवा सकेंगे। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में टीचर्स की ट्रेनिंग आदि होगी। इसका सीधा फायदा स्टूडेंट्स को मिलेगा। क्योंकि उन्हें पढ़ाने के नए तरीके सीखने को मिलेंगे।


