लुधियाना| हंबड़ां रोड स्थित न्यू ग्रीन सिटी में भावी पीढ़ी को भारतीय मूल्यों और संस्कारों से जोड़ने के उद्देश्य से एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। समाज सेविका हनी आहूजा की अध्यक्षता और नारायण सेवा संस्थान के विशेष सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में सनातन धर्म की जीवंत झांकी देखने को मिली। हनी आहूजा ने कहा कि आधुनिकता की अंधी दौड़ में अभिभावकों का यह नैतिक और परम कर्तव्य है कि वे अपने बच्चों को सनातन संस्कृति के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराएं। कार्यक्रम के दौरान जीआरएच स्कूल के नन्हे विद्यार्थियों ने शिक्षाप्रद और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सबका मन मोह लिया। रिदम वैलनेस फाउंडेशन के अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल और प्रमुख समाज सेवक राकेश भाटिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह के समापन पर नारायण सेवा संस्थान की ओर से बच्चों को उपहार और खाद्य सामग्री वितरित की गई।


