बोर्ड परीक्षा : जिले में दो सेंटर बढ़ाए, इस बार 147 केंद्र पर होगी परीक्षा

डूंगरपुर. माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की ओर से कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 12 फरवरी से प्रारंभ होंगी। 10वीं की परीक्षाएं 28 फरवरी तक व 12वीं की परीक्षाएं 11 मार्च तक चलेंगी। जिला परीक्षा संचालन समिति ने परीक्षा के सफल व पारदर्शी आयोजन को लेकर सुरक्षा व प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिले में गत वर्षों की भांति इस बार भी केवल राजकीय स्कूलों को ही परीक्षा केंद्र बनाया गया है। जिले में इस बार दो परीक्षा केंद्र बढ़ाए गए है इसलिए अब कुल 147 परीक्षा केंद्रों पर केंद्राधीक्षक व अतिरिक्त केंद्राधीक्षकों की नियुक्ति की गई है। इसके साथ ही थानों पर 31 पेपर कॉर्डिनेटर प्रश्न-पत्रों की सुरक्षा व्यवस्था व परीक्षा संचालन के लिए निर्धारित केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे। वहीं जिले में इस वर्ष 498 सरकारी स्कूलों से करीब 41 हजार 446 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होंगे। इनमें माध्यमिक स्तर पर करीब 22 हजार 667 और उच्च माध्यमिक स्तर पर 18 हजार 772 विद्यार्थी शामिल हैं। जिले में बोर्ड परीक्षाएं 147 केन्द्रों पर होंगी। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अमृतलाल यादव ने बताया कि प्रश्न पत्रों की सुरक्षा को लेकर पुख्ता बंदोबस्त किए जाएंगे। पेपर पुलिस थानों और चौकियों में रखे जाएंगे। परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी। इस बार कॉपियों की जांच जल्दी होगी, ताकि रिजल्ट जल्द घोषित किया जा सके। शिक्षा विभाग 2017 के बाद पहली बार अप्रैल में नया सत्र शुरू करने जा रहा है। जिसको लेकर बोर्ड परीक्षा के साथ साथ अन्य कक्षाओं की परीक्षा भी 25 मार्च से पहले आयोजित कर रहा है। उसको लेकर भी विभाग ने पूरी तैयारी कर रखी है। बोर्ड ने 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं का टाइम टेबल भी जारी कर दिया है। 10वीं की परीक्षा 12 से 28 फरवरी तक आयोजित होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *