रायसेन| बरेली तहसील के अंतर्गत ग्राम दिमाड़ा का मुख्य मार्ग साल भर जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। सड़क पर एक फीट तक पानी भरा रहने से रोजाना वाहन फंस जाते हैं, जाम की स्थिति बनती है और स्कूली बच्चों की ड्रेस खराब हो जाती है। महिलाओं के लिए पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। यह मार्ग समनापुर नेशनल हाईवे से मोतलसिर नर्मदा पुल के माध्यम से होशंगाबाद और रायसेन जिलों को जोड़ता है। अवैध रेत खनन और ओवरलोड वाहनों के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। बावजूद इसके जिम्मेदार विभाग ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने शीघ्र मरम्मत की मांग की है। रोहन द्विवेदी, निवासी दिमाड़ा


