व्यापारी संघ की बैठक में पशु व्यापारियों के अधिकार व आजीविका विषय पर हुई चर्चा

जय मां काली पशु व्यापारी कल्याण संघ की एक आवश्यक बैठक 18 जनवरी को बाजारपारा में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ अध्यक्ष दीनबंधु बघेल ने की। इसमें संघ से जुड़े छोटे एवं बड़े पशु व्यापारियों की व्यापक उपस्थिति रही और संगठन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि जय मां काली पशु व्यापारी कल्याण संघ, लोहंडीगुड़ा यूनियन (बस्तर संभाग) के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों एवं मजदूरों को खेती-किसानी के लिए आवश्यक पशुओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर रहा है। संघ का उद्देश्य बैल, बाछी सहित कृषि कार्य में उपयोगी पशुओं के वैध क्रय-विक्रय को बढ़ावा देना है, जिससे किसानों को समय पर पशु मिल सकें और कृषि कार्य सुचारू रूप से चल सके। सदस्यों ने बताया कि संघ से जुड़े लोग विभिन्न समाजों, वर्गों और विचारधाराओं से आते हैं तथा इस व्यापार पर ही उनके परिवार की आजीविका और बच्चों की शिक्षा निर्भर है। अत्यंत सीमित संसाधनों के बीच यह व्यापार उनके लिए जीवनयापन का मुख्य साधन है। बैठक में यह भी कहा गया कि बस्तर संभाग पांचवीं एवं छठवीं अनुसूचित क्षेत्र में आता है, जहां वैध पशु व्यापार संघ सदस्यों का अधिकार है। किसी भी प्रकार की अवैध बाधा की स्थिति में प्रशासन व पुलिस से सहयोग और सुरक्षा की मांग की गई। अंत में सभी सदस्यों की सहमति के साथ बैठक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *