आज गुरुद्वारा छेहर्टा साहिब में लगेगा संगत का मेला, पवित्र सरोवर में होगा ‘पंचम’ स्नान

भास्कर न्यूज | अमृतसर श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज की चरण धुली प्राप्त स्थान गुरुद्वारा श्री छेहर्टा साहिब में लगने वाला सालाना बसंत पंचमी मेला शुरू हो गया। दो दिवसीय इस मेले में माथा टेकने हजारों की संख्या में संगत गुरुद्वारा साहिब पहुंची। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और इलाके की संगत के सहयोग से शुरू हुए बसंत पंचमी मेले के पहले दिन धार्मिक दीवान सजाए। जबकि सिख बच्चों को गुरु चरणों के साथ जोड़ने को दस्तार सजाई। गुरुद्वारा साहिब की सारी इमारत को रंग बिरंगी रोशनी और अंदरूनी भाग को 200 क्विंटल फूलों से सजाया। कमेटी की ओर से बच्चों और महिलाओं के लिए खाने पीने समेत झूलों का प्रबंध किया जिसका संगत ने आनंद उठाया। बसंत पंचमी मेले में 21 को रखे श्री अखंड साहिब पाठ का भोग 23 जनवरी को डाला जाएगा। वही वीरवार शाम को गुरुद्वारा साहिब में धार्मिक दीवान सजाए। जिसमें रागी और ढाडी जत्थे ने गुरु जस गाकर संगत को निहाल किया। बच्चों को गुरु चरणों के साथ जोड़ने को सुंदर दस्तार सजाई गई। जिसमें अच्छी दस्तार सजाने वाले गुरु सिख को एसजीपीसी द्वारा सम्मानित किया। इसी दौरान एसजीपीसी सदस्य बावा सिंह गुमानपुरा, मगविंदर सिंह खापडखेड़ी विशेष रूप से शामिल हुए। गुरुद्वारा साहिब के मैनेजर गुरप्रीत सिंह खैराबाद ने सभी एसजीपीसी सदस्यों को सिरोपा डालकर सम्मानित किया। इससे पहले शाम को दो घंटे श्री सुखमणि साहिब के पाठ किए गए। गुरुद्वारा साहिब में बैठी संगत ने गुरु साहिब के आगे माथा टेककर आशीर्वाद लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *