हरपिंदर और हरपाल का दो दिन का मिला रिमांड, कल आरती सहित तीन अरोपियों को दोबारा कोर्ट में करेंगे पेश

भास्कर न्यूज | अमृतसर थाईलैंड से ड्रग लेकर एयरपोर्ट पर पकड़ी गई आरोपी आरती कौर की निशानदेही पर मास्टरमाइंड सहित दो आरोपियों को काबू किया। जिन्हें वीरवार को कोर्ट में पेश करने के लिए एनसीबी की टीम गाड़ी से लेकर पहुंची। जहां कोर्ट में आरोपियों की पेशी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में भारी चूक देखने को मिली। एनसीबी की टीम आरोपियोें को गाड़ी से लेकर पहुंची। आरोपी मास्टरमाइंड हरपिंदर सिंह निवासी गांव चीमा खुर्द व्हील चेयर पर था, जबकि उसका एक साथी हरपाल सिंह निवासी गांव चीमा खुर्द भी साथ में था। दोनों आरोपियों में किसी को भी हथकड़ी नहीं पहनाई गई थी और उनके साथ सभी परिवार वाले मिलजुल रहे थे। एनसीबी आरोपियों के साथ न होकर पीछे से आते हुए दिखे। हद तो तब हो गई जब टीम के पास हथकड़ी तक नहीं थी और अधिकारी स्थानीय पुलिस से हथकड़ी मांगते नजर आए। हथकड़ी न मिलने पर टीम हरपाल को तीसरी मंजिल पर पेशी के लिए ले गई, जबकि मास्टरमाइंड हरपिंदर को नीचे बिना किसी सुरक्षाकर्मी के परिजनों के भरोसे छोड़ दिया गया। इस बीच परिवार वालों ने हरपिंदर के साथ क्या बातचीत की, एनसीबी को कुछ नहीं पता। दो दिन का रिमांड मिलने के बाद एनसीबी कोर्ट के बाहर आई और फिर हरपिंदर व हरपाल को अपने साथ ले गई। अक्सर देखा गया है कि जब भी एनसीबी कोर्ट में आरोपी की पेशी करने के लिए आते हैं तो बिना हथकड़ी के लेकर आते हैं। आरती को भी हथकड़ी नहीं पहनाई थी, इसके कारण आरोपियों के भागने के चांसेज ज्यादा हो जाते हैं। जानकारी के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों हरपिंदर और हरपाल को 20 जनवरी को एनसीबी की टीम ने तरनतारन से काबू किया था। दोनों के पास से ढाई किलो हेरोइन की खेप बरामद हुई थी, जो ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से मंगवाई गई थी। दोनों आरोपियों पर पहले से तीन-तीन पर्चे दर्ज हैं। गौर हो कि एनसीबी और एनटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना पर श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कार्रवाई करते हुए थाइलेंड से आई युवती आरती कौर को काबू किया था। एनसीबी ने दोनों साथियों के नाम को उजागर नहीं किया, लेकिन दर्ज केस में दोनों को नामजद किया है। आरोपी आरती श्री मुक्तर साहिब मलोट रोड किरत नगर की रहने वाली है। आरती 10 जनवरी को अमृतसर एयरपोर्ट से थाइलेंड गई थी। वहां 9 दिन रहने के बाद वह नशीला पदार्थ लेकर 19 जनवरी की शाम 5 बजे एयरपोर्ट पर लौटी थी। जिसे काबू किया था। आरती की निशानदेही पर दो साथियों परमिंदर सिंह निवासी मोहाली और शम्मी निवासी इस्लामाबाद को काबू किया गया। जिन्हें 20 जनवरी को कोर्ट में पेश कर तीन दिन का रिमांड हासिल किया गया। शुक्रवार को आरती सहित तीनों आरोपियों का रिमांड खत्म हो रहा है, जो इन्हें दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। एनसीबी का कहना है कि दोनों लंबे समय से ड्रग्स स्मगलिंग के नेटवर्क को चला रहे थे और नए लोगों को इसमें शामिल कर रहे थे। सूत्रों के अनुसार, शम्मी पहले भी कई बार विदेशों के रास्ते नशीले पदार्थों की तस्करी करवा चुका है। एनसीबी को शक है कि इस गिरोह का संबंध ह्यूमन ट्रैफिकिंग से भी जुड़ा हुआ है। जांच एजेंसी को आशंका है कि परमिंदर और शम्मी और जरूरतमंद महिलाओं, खासकर घरों में काम करने वाली मेड्स को पैसों का लालच देकर विदेश भेजते थे। इसके बाद उनसे नशीले पदार्थों की तस्करी करवाई जाती थी। इस एंगल से अब पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। एनसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरती कौर और परमिंदर सिंह और शम्मी को शुक्रवार के दिन दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *