पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम बदल गया है। आज (शुक्रवार को) कुछ जगहों पर बारिश और ओलावृष्टि तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की संभावना है। मौसम विभाग, चंडीगढ़ की ओर से इस बाबत यलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि इस दौरान न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी, लेकिन शनिवार से फिर घना कोहरा शुरू हो जाएगा। अधिकतम तापमान में किसी तरह का बदलाव नहीं हुआ है। यह सामान्य तापमान से 4.3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। सबसे अधिक तापमान मानसा में 25.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री होशियारपुर में दर्ज किया गया है। इन इलाकों में आज बारिश की संभावना मौसम विभाग के मुताबिक, आज पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ ओले गिर सकते हैं। वहीं फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर और मलेरकोटला के कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। इन इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसके अलावा पठानकोट, गुरदासपुर और होशियारपुर के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय उत्तर भारत में इस समय पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर बना एक मौसम चक्र भी इसमें मिल गया है, जिससे इसका असर और बढ़ गया है। 26 जनवरी 2026 से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है, जिससे मौसम में बदलाव हो सकता है। चार डिग्री तक तापमान बढ़ेगा मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि 23 जनवरी को ज्यादातर इलाकों में बारिश हो सकती है। इसके बाद 27 और 28 जनवरी को कुछ जगहों पर बारिश होने के आसार हैं, जबकि 24 और 26 जनवरी को इक्का-दुक्का स्थानों पर बारिश हो सकती है। अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। इसके बाद के अगले 48 घंटों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है। इसके बाद तापमान में दोबारा बढ़ोतरी होने की संभावना है। अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम 24 जनवरी – अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा के कुछ इलाकों में घना कोहरा छा सकता है। वहीं, पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली) के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 25 जनवरी – राज्य के कुछ इलाकों में घना कोहरा पड़ने की संभावना है। मौसम शुष्क (सूखा) रहने की संभावना है। 26 जनवरी – फिलहाल कोई मौसम चेतावनी नहीं है। पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और नवांशहर के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।


