स्काउट ने सीखा अनुशासन का पाठ, वंदे मातरम के 150 साल पर कार्यक्रम

भास्कर संवाददाता | पाली राजस्थान राज्य भारत स्काउट-गाइड जिला प्रशिक्षण केंद्र बजरंग बाड़ी में 5 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का गुरुवार को समापन हुआ। संघ पाली व गुंदोज के तत्वावधान में आयोजित इस ब्लॉक स्तरीय शिविर में 198 स्काउट-गाइड ने भाग लिया। राष्ट्रगीत वन्दे मातरम के 150 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में कार्यक्रमों का आयोजन किया। सभी संभागियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत का गायन किया। वन्देमातरम @150 विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने रचनात्मकता के माध्यम से देशभक्ति के रंग उकेरे। सीओ स्काउट गोविन्द मीना, स्वावलंबन फाउंडेशन के वैभव भंडारी, बसंत कुमार परिहार और समाजसेवी ओमप्रकाश परिहारिया ने विजेताओं को पुरस्कृत कर किया। इस दौरान द्वितीय और तृतीय सोपान का सघन प्रशिक्षण दिया। संघ सचिव कैलाश कुमार एवं प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि तृतीय सोपान की परीक्षाएं भी आयोजित की। इसमें उत्तीर्ण होने वाले स्काउट-गाइड 9 माह बाद राज्य पुरस्कार के लिए पात्र होंगे, जो उनके कॅरिअर और व्यक्तित्व विकास के लिए बेहतरीन साबित होगा। शिविर के चौथे दिन स्कूल शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक ललित देव शर्मा ने अवलोकन किया। उन्होंने स्काउट्स को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन और सेवा-भाव ही आदर्श नागरिक की पहचान है। 5 दिवसीय द्वितीय और तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर में स्काउटिंग का इतिहास, गांठें लगाना, गैजेट निर्माण, प्राथमिक सहायता, आपदा प्रबंधन, स्वच्छता अभियान सहित पाठ्यक्रम से संबंधित प्रशिक्षण दिया। शिविर में उर्मिला यति, वजाराम राणा, जगदीश चंद्र, दीपमाला, आकाश कुमार सहित प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *