चूरू | प्रदेश में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरुवार दोपहर बाद जिले का मौसम पूरी तरह बदल गया। तेज हवा के साथ ही बादल छाने लगे, तो शाम तक घने हो गए तथा बारिश के आसार बनने लगे। इससे पूर्व दिन में धूप का असर तेज रहा, जिसके कारण अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं रात में भी बादलवाई के कारण न्यूनतम तापमान भी बढ़ गया। गुरुवार को अधिकतम तापमान 3.7 डिग्री बढ़कर 27.6 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 10.4 डिग्री रहा। इससे पूर्व बुधवार को अधिकतम तापमान 23.9 व न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री रहा था। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि गुरुवार दोपहर बाद पश्चिमी विक्षोभ पूरी तरह सक्रिय होने से अधिकांश क्षेत्रों में मौसम बदल गया तथा तेज हवा के साथ बादल छाए रहे। विक्षोभ का असर शुक्रवार को सबसे ज्यादा रहेगा। इसके चलते बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर, अजमेर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली के साथ हल्के से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी व उत्तरी भागों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। इसके बाद भी अगले दो दिन बादल छाए रहेंगे। इधर, पड़ोसी जिले सीकर में कई इलाकों में गुरुवार को हल्की बारिश हुई।


