सरसों उपार्जन में फर्जीवाड़ा, 40% तक मिट्टी मिली सरसों मिलने पर 5 पर FIR

समर्थन मूल्य योजना के तहत सरसों खरीदी में फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। जांच के बाद सामने आया कि खरीदी गई सरसों में 30 से 40 फीसदी तक मिट्टी से बने नकली दाने मिलाए गए थे। साथ ही किसी भी बोरी पर किसान कोड अंकित नहीं किया था। इस मामले में सेवा सहकारी समितियों के संचालकों, सर्वेयरों और वेयरहाउस प्रबंधक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 एवं भारतीय न्याय संहिता के तहत रहली थाने में अपराध पंजीबद्ध किया है। शिकायतकर्ता रंजीत कुमार सिंह निवासी वाराणसी, हाल भोपाल के लिखित आवेदन पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सेवा सहकारी समिति छिरारी के संचालक विजय कुमार जैन, सेवा सहकारी समिति रहली उपकेंद्र खैराना के संचालक जगदीश लोधी, एनसीएमएल सर्वेयर अभिषेक दुबे सागर, एनसीएमएल सर्वेयर पुष्पेंद्र साहू केसली, मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन की तत्कालीन शाखा प्रबंधक वर्षा तोमर वर्तमान पता चौरई, तहसील गढ़ाकोटा, जिला सागर को नामजद किया है। प्रकरण में उल्लेख है कि रबी विपणन 2024-25 में नेफेड द्वारा समर्थन मूल्य योजना अंतर्गत कृषक उपज मंडी रहली में सरसों का उपार्जन किया था। यह उपार्जन सेवा सहकारी समिति छिरारी एवं सेवा सहकारी समिति रहली उपकेंद्र खैराना के माध्यम से मप्र वेयरहाउसिंग लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन शाखा रहली के गोदाम क्रमांक-10 में भंडारित किया। समिति द्वारा खरीदी के समय किसी भी बोरी पर किसान कोड अंकित नहीं किया, जो उपार्जन नीति का उल्लंघन है। नेफेड भोपाल द्वारा जब सरसों का विक्रय किया, तब क्रेता मेसर्स शिवशक्ति सागर ट्रेडिंग कंपनी टांक, देवरी ने उठाव के दौरान शिकायत की कि कई बोरियों में नकली मिट्टी से बने सरसों जैसे दाने मिले हैं। 14 अक्टूबर 2025 को संयुक्त पंचनामा एवं परीक्षण किया। पानी से किए परीक्षण में सरसों तैरती हुई पाई गई, जिससे प्रति क्विंटल 35 से 40 प्रतिशत नकली सरसों की पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि छिरारी समिति द्वारा 8470 बोरी 4235 क्विंटल और खैराना उपकेंद्र द्वारा 9431 बोरी 4715.50 क्विंटल सरसों का भंडारण किया था। कुल 8950 क्विंटल में से 8693 क्विंटल का विक्रय हो चुका है, जबकि 257 क्विंटल अभी भी गोदाम में शेष है। पुलिस ने धारा 318(3), 274 भारतीय न्याय संहिता एवं खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 48, 49 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वेयर हाउस।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *