सतना में शराब के लिए पैसे न देने पर एक युवक ने मोमोज विक्रेता को फरसा लेकर दौड़ाया। घटना गुरुवार रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पतेरी चौराहे पर हुई। इस मामले का वीडियो सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी सिद्धार्थ सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब 8 बजे पंकज नामक युवक पतेरी चौराहे के पास मोमोज का ठेला लगा रहा था। तभी सिद्धार्थ सिंह वहां आया और पंकज से गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। जब पंकज ने पैसे देने से इनकार किया, तो सिद्धार्थ ने फरसा लेकर उसे जान से मारने की नीयत से दौड़ाया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर पंकज को बचाया। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी सिद्धार्थ सिंह को हिरासत में ले लिया। सिविल लाइन थाना प्रभारी योगेन्द्र सिंह परिहार ने बताया कि पीड़ित ठेला संचालक पंकज की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ अड़ीबाजी का अपराध दर्ज किया गया है।


