टीकमगढ़ में शुक्रवार सुबह से मौसम का मिजाज बदल गया है। आसमान में बादल छाए हुए हैं और हल्की हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक शीतलहर चलने का अनुमान जताया है, जिससे दिन और रात के तापमान में गिरावट आएगी। अनुमान के मुताबिक, अधिकतम तापमान घटकर 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। शनिवार और रविवार को ठंडी हवाओं के कारण अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री और रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री की कमी आने की संभावना है। मंगलवार को बूंदाबांदी भी हो सकती है। तीन दिनों से बढ़ रहा था तापमान इससे पहले गुरुवार को दिनभर धूप खिली रही, जिससे अधिकतम तापमान 27.02 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। भू अभिलेख कार्यालय के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री था। बुधवार को यह बढ़कर क्रमशः 26.7 डिग्री और 11.4 डिग्री पर पहुंच गया था। किसान जयपाल यादव ने बताया कि फसलों के लिए अभी ठंड आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि बारिश होती है, तो यह फसलों के लिए काफी फायदेमंद होगी। मौसम में बार-बार हो रहे बदलाव और तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। जिला अस्पताल में सर्दी-जुकाम के मरीजों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। डॉक्टरों ने ऐसे मौसम में लापरवाही न बरतने की सलाह दी है और विशेष रूप से हृदय रोगियों तथा रक्तचाप के मरीजों को एहतियात बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया है।


