बसंत पंचमी पर जागेश्वर धाम बांदकपुर पहुंचे हजारों श्रद्धालु:आज रात लिखी जाएगी भगवान जागेश्वरनाथ और माता पार्वती की लगन

दमोह जिले सहित बुंदेलखंड के प्रसिद्ध जागेश्वर धाम बांदकपुर में शुक्रवार को बसंत पंचमी के अवसर पर पूरे प्रदेश से हजारों श्रद्धालु भगवान जागेश्वरनाथ जी के दर्शन करने पहुंचे। इसके अतिरिक्त, हजारों कांवरिया भी नर्मदा जल लेकर भगवान को अर्पित करने के लिए पहुंचे। कांवरियों का जत्था गुरुवार रात से ही मंदिर परिसर में पहुंच गया था, जिनके रुकने की व्यवस्था मंदिर प्रशासन द्वारा की गई थी। शुक्रवार सुबह पांच बजे मंदिर के पट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं और कांवरियों के दर्शनों का क्रम शुरू हुआ। सभी ने भगवान जागेश्वरनाथ जी को जल अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। शुक्रवार रात भगवान जागेश्वरनाथ और माता पार्वती की लगन लिखी जाएगी। इस दौरान पूरी रात धार्मिक क्रियाएं संपन्न होंगी। लगन उत्सव को देखने के लिए रात में हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में मौजूद रहेंगे। एक लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना बसंत पंचमी के अवसर पर लगभग एक लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई जा रही है। सुबह 10:30 बजे तक दमोह सहित आसपास के जिलों से करीब 25,000 श्रद्धालु भगवान जागेश्वरनाथ जी के दर्शन करने पहुंच चुके थे, और यह सिलसिला देर रात तक जारी रहेगा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हिंडोरिया थाना पुलिस के साथ बांदकपुर चौकी पुलिस और दमोह पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। मंदिर में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार बनाए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की भगदड़ की स्थिति न बने और श्रद्धालु सुगमता से दर्शन कर सकें। इसके अलावा, मंदिर परिसर के चारों ओर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। विधि विधान से भगवान की लग्न लिखी जाएगी मंदिर प्रबंधक रामकृपाल पाठक ने बताया की बसंत पंचमी पर भगवान जागेश्वर नाथ और माता पार्वती का लगन उत्सव कार्यक्रम संपन्न होगा। पूरी रात विधि विधान से भगवान की लग्न लिखी जाएगी और महाशिवरात्रि पर भगवान का विवाह उत्सव मनाया जाएगा। जिसमें पूरे देश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु जागेश्वरनाथ धाम बांदकपुर पहुंचेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *