हनुमानगढ़ के जंक्शन स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में शुक्रवार को मिनी अंडर-14 (छात्र) हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। जिला हॉकी संघ हनुमानगढ़ के तत्वावधान में आयोजित यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता है। संघ के प्रदेशाध्यक्ष राजपाल जयपाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर इसका उद्घाटन किया। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला हनुमानगढ़ और जोधपुर की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने मैच में अनुशासित खेल और बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन किया। हनुमानगढ़ ने जोधपुर को 13-0 से हराया। प्रदेशाध्यक्ष राजपाल जयपाल ने कहा कि हॉकी देश का गौरवशाली खेल है। उन्होंने इसकी समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए जमीनी स्तर पर ऐसी प्रतियोगिताओं को बेहद जरूरी बताया। जयपाल ने जिला हॉकी संघ के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि हनुमानगढ़ जिले से भी आने वाले वर्षों में प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी उभरेंगे। वरिष्ठ पत्रकार बालकृष्ण थरेजा ने इस अवसर पर कहा कि छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने से ही भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार हो सकेंगे। जिला हॉकी संघ के जिलाध्यक्ष राकेश बेनीवाल ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य जिले की प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने यह भी कहा कि संघ भविष्य में भी नियमित रूप से इस तरह के आयोजनों को जारी रखेगा। इस अवसर पर दर्शन सिंह संधू, गुरदीप सिंह, भागीरथ सिंह, रंजीताराम, डॉ. महेंद्र सिंह राठौड़, राजेंद्र सिंह सहित कई खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


