किसान संगठनों ने पंजाब का सबसे महंगा लाडोवाल टोल प्लाजा 26 जनवरी से अनिश्चितकाल के लिए फ्री करने की घोषणा कर दी है। 26 जनवरी 11 बजे किसान लाडोवाल टोल प्लाजा पर एकत्रित होंगे और 12 बजे से टोल प्लाजा फ्री करेंगे। लुधियाना के ससराली समेत अलग अलग गांवों में बाढ़ के कारण सतलुज का धुस्सी बांध टूट गया था जिसे अभी तक रिपेयर नहीं करवाया गया। भारतीय किसान मजदूर यूनियन व अन्य संगठन लंबे समय से ससराली में संघर्ष कर रहे हैं और जिला प्रशासन को ज्ञापन दे चुके हैं। इसके बावजूद धुस्सी बांध का काम शुरू नहीं हुआ। जिसकी वजह से किसानों ने टोल प्लाजा फ्री करने का ऐलान किया है। किसानों ने साफ कर दिया कि जब तक प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की तो वो अनिश्चितकाल के टोल फ्री कर देंगे। ससराली में धुस्सी बांध न बनने से नाराज हैं ग्रामीण ससराली में धुस्सी बांध बनाने की मांग को लेकर ग्रामीण करीब एक महीने से धरने पर बैठे हैं। कुछ दिन पहले ग्रामीणों ने डीसी दफ्तर का घेराव भी किया था। भारतीय किसान मजदूर यूनियन पंजाब के प्रधान दिलबाग सिंह गिल ने बताया कि प्रशासन ने कहा था कि जल्दी ही काम शुरू करवा देंगे लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि बांध का निर्माण करने में कम से चार से पांच महीने लग जाएंगे। अगर प्रशासन ने अभी काम शुरू नहीं किया तो इस साल बरसात में लुधियाना बाढ़ की चपेट में आ जाएगा। उन्होंने कहा कि बार बार कहने पर भी प्रशासन ने बात नहीं मानी तो उन्हें टोल प्लाजा फ्री करने का फैसला लेना पड़ा। राहों रोड का निर्माण भी लंबे समय से बंद दिलबाग सिंह का कहना है कि पंजाब सरकार और जिला प्रशासन ग्रामीणों की मांगों को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने बताया कि राहों रोड के निर्माण को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि दो साल से राहों रोड के निर्माण के लिए सरकार से डिमांड कर रहे हैं पर सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही है। अवैध माइनिंग से हो रहा धुस्सी बांध काे नुकसान दिलबाग सिंह व अन्य नेताओं ने कहा कि धुस्सी बांध के आसपास हो रही अवैध माइनिंग के कारण ही पिछले साल लुधियाना जिले को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है और अभी भी सतलुज में अवैध माइनिंग चल रही है। जिसका खामियाजा अगले बरसात में फिर से झेलना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि अवैध माइनिंग को लेकर भी कई बार शिकायत दे चुके हैं।


