देवघर में युवक का तालाब में मिला शव:रात से था लापता, परिजनों ने रात भर की थी तलाश; नशे की लत बनी वजह

देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र स्थित पुनसिया तालाब से एक 30 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान बलसारा गांव निवासी सत्यम राम के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि सत्यम राम नशे का आदी था। शनिवार देर रात करीब दो बजे वह बाथरूम जाने की बात कहकर घर से निकला था। घर के पास ही पुनसिया तालाब की ओर जाने के बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रात भर उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। रविवार सुबह ग्रामीणों ने तालाब में युवक का शव तैरता हुआ देखा, जिसके बाद रिखिया थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाकर घटनास्थल की जांच की और परिजनों से पूछताछ की। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल देवघर भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। सदर इंस्पेक्टर ने मीडिया को बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला दुर्घटना का प्रतीत होता है। रिखिया थाना के इंस्पेक्टर कृष्णानंद सिंह ने जानकारी दी कि मृतक नशे का आदी था। उन्होंने यह भी बताया कि यह इलाका नशे से प्रभावित क्षेत्र है और पुलिस लगातार इस पर नजर रख रही है। नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और कई आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *