चलती ट्रेन में गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा:टीटीई ने कराई एम्बुलेंस और स्ट्रेचर की व्यवस्था, सुरक्षित पहुंची अस्पताल

अजमेर मंडल के आबूरोड पर तैनात टीटीई मुकेश कुमार यादव ने चलती ट्रेन में प्रसव पीड़ा से जूझ रही एक गर्भवती महिला को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी तत्परता से महिला को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका। यह घटना 23 जनवरी 2026 को गाड़ी संख्या 16508 बेंगलुरु-जोधपुर एक्सप्रेस में हुई। ट्रेन के बी-2 कोच की बर्थ संख्या 26 पर यात्रा कर रही ललिता देवी नामक महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। ड्यूटी पर तैनात टीटीई मुकेश कुमार यादव को जैसे ही इसकी सूचना मिली, उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत नियंत्रण कक्ष को सूचित किया। उन्होंने अगले स्टेशन जवाई बांध पर एम्बुलेंस और स्ट्रेचर की व्यवस्था सुनिश्चित करवाई। टीटीई यादव ने ट्रेन में यात्रा कर रही अन्य महिला यात्रियों की सहायता से पीड़ित महिला को प्राथमिक मदद भी पहुंचाई। रेलवे ने इस गाड़ी को प्राथमिकता देते हुए जवाई बांध स्टेशन तक पहुंचाया, जहां से महिला को तुरंत एम्बुलेंस द्वारा अस्पताल ले जाया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव और मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने टीटीई मुकेश कुमार यादव के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह घटना रेल कर्मचारियों की यात्रियों की सहायता और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *