प्रतापगढ़ जिला पुलिस ने “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलो 646 ग्राम अवैध एमडी सप्लाई मामले में वांछित शेफुल्ला शेख को गिरफ्तार किया है। उस पर 2000 रुपए का इनाम घोषित था। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर जिला विशेष टीम ने की। यह मामला धोलापानी थाने में 28 नवंबर 2025 को दर्ज किया गया था। उस समय नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने जतिन मालवीय और जितेंद्र मालवीय (दोनों निवासी मानपुरा, प्रतापगढ़) के कब्जे से 4.646 किलोग्राम अवैध एमडी जब्त की थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण संख्या 101/25 दर्ज किया गया था। जांच के दौरान, गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्हें यह अवैध एमडी शेफुल्ला (पिता माकुल शेख, निवासी बसाड़, प्रतापगढ़) ने दी थी। इस खुलासे के बाद से शेफुल्ला शेख फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए जिला पुलिस अधीक्षक ने 2000 रुपए का इनाम घोषित किया था। जिला विशेष टीम लगातार शेफुल्ला शेख की तलाश में जुटी थी। टीम ने उसे ढूंढ निकाला और हिरासत में लेकर अनुसंधान अधिकारी को सौंप दिया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी शेफुल्ला शेख से यह जानने के लिए गहनता से पूछताछ कर रही है कि उसे यह एमडी कहां से मिली थी और वह इसे कहां सप्लाई करने वाला था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेफुल्ला (उम्र 26 साल) पुत्र माकुल शेख, निवासी बसाड़, थाना प्रतापगढ़ के रूप में की गई है।


