गणतंत्र दिवस समारोह के विशेष अतिथियों में शामिल हुए रूपसिंह:मन की बात में प्रशंसा के बाद रूपसिंह मीणा दिल्ली जाएंगे

सवाई माधोपुर जिले के श्यामपुरा गांव निवासी पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता रूपसिंह मीणा को दिल्ली में आयोजित 77वें गणतंत्र दिवस समारोह 2026 में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। उनके साथ उनकी टीम के साथी राजेश सैनी भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। उन्हें गणतंत्र दिवस समारोह के लिए 100 अतिथियों में शामिल किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात में थी प्रशंसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” में रणथम्भौर टाइगर रिज़र्व को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए चलाए जा रहे मिशन बीट प्लास्टिक रणथम्भौर अभियान का उल्लेख कर प्रशंसा किए जाने के बाद यह आमंत्रण मिला है। प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम में 27 फरवरी 2022 को 86वें एपिसोड में रूपसिंह मीणा द्वारा किए जा रहे पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता से जुड़े कार्यों की सराहना की थी। इस सम्मान के तहत रूपसिंह मीणा 25 से 28 जनवरी 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित विभिन्न गणतंत्र दिवस कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वे अपनी टीम के साथी राजेश सैनी के साथ 26 जनवरी को होने वाले मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होंगे। गौरतलब है कि रूपसिंह मीणा इससे पूर्व भी राजस्थान के राज्यपाल द्वारा राजभवन जयपुर में सम्मानित किए जा चुके हैं। इसके साथ ही वे पूर्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में भी दिल्ली में आमंत्रित अतिथि के रूप में शामिल रह चुके हैं। रूपसिंह मीणा ने इस उपलब्धि को पूरे सवाई माधोपुर जिले और रणथम्भौर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि यह सम्मान मिशन बीट प्लास्टिक रणथम्भौर अभियान से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं और सहयोगियों की सामूहिक मेहनत का परिणाम है ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *