बूंदी-दबलाना मार्ग पर शुक्रवार को पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दबलाना थाना के एएसआई महेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक युवक डगरिया गांव निवासी अंग्रेज सिंह (38) पुत्र कुलविंदर सिंह परिवार में शादी होने के कारण शादी की शॉपिंग करने के लिए बूंदी जा रहा था। बूंदी पहुंचने से पहले ही युवक के साथ हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शी सोनू नागर के अनुसार, बूंदी की ओर से आ रही दूध की पिकअप और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले सड़क पर लंबा जाम लग गया था। पुलिस ने शव को बूंदी जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में युवक का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव उन्हें सुपुर्द कर दिया है। हादसे के बाद पिकअप ड्राइवर वाहन सहित मौके से फरार हो गया। दबलाना पुलिस ने एक्सीडेंट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


