डीडवाना में शुक्रवार को बसंत पंचमी के अवसर पर जिला स्तरीय मेगा पेरेंट्स-टीचर बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राज्य सरकार की मंशानुसार कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ, जिसमें सरस्वती वंदन और युवा संवाद भी शामिल थे। विद्यार्थियों ने सामूहिक सरस्वती वंदन और राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का गायन किया। इस कार्यक्रम के दौरान जयपुर के कॉमर्स कॉलेज में आयोजित मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशभर के विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक सौगातें दीं। डीडवाना के जिला स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, पेरेंट्स और टीचर मौजूद रहे। मेगा पीटीएम के तहत नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान जिले की 21 मेधावी छात्राओं को निशुल्क साइकिल वितरित की गईं। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों को ट्रांसपोर्ट वाउचर सहित विभिन्न योजनाओं के तहत राशि का ट्रांसफर भी किया गया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेशभर के राजकीय विद्यालयों में आयोजित यह मेगा पीटीएम अब तक का सबसे बड़ा शैक्षणिक सहभागिता कार्यक्रम माना जा रहा है। इसका उद्देश्य अभिभावकों को अपने बच्चों के शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक और सर्वांगीण विकास की जानकारी एक ही मंच पर शिक्षकों से प्राप्त करवाना था। इसी अवसर पर जिलेभर के अन्य विद्यालयों में भी मेगा पीटीएम और निपुण मेले का आयोजन किया गया। डीडवाना के कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह देथा और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के उपनिदेशक शिवराज सोनी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक एवं पेरेंट्स मौजूद थे।


