खरगोन जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को एक और सफलता मिली है। महाराष्ट्र सीमा से लगे दामखेड़ा क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस ने बाइक से गांजा तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 3 किलो 385 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 66 हजार रुपए बताई जा रही है। दामखेड़ा फाटा पर मिली थी मुखबिर की सूचना चैनपुर थाना प्रभारी गहलोद सेमलिया ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति दामखेड़ा फाटा क्षेत्र में अपने बैग में अवैध गांजा लेकर खड़ा है और होंडा शाइन मोटरसाइकिल से झिरन्या की ओर जाने की तैयारी में है। सूचना में बाइक का नंबर एमपी10 जेडए 8869 भी बताया गया था। पुलिस को देखते ही भागा आरोपी, घेराबंदी कर पकड़ा सूचना के आधार पर पुलिस टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया। पुलिस को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल लेकर सेमलकुट रोड की ओर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर कुंसुंबिया निवासी 45 वर्षीय रेलास पिता गाठिया को पकड़ लिया। 3.385 किलो गांजा और बाइक जब्त तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 3 किलो 385 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही गांजे के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही लगभग 50 हजार रुपए मूल्य की मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है। NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज आरोपी के खिलाफ चैनपुर थाना अंतर्गत हेलापड़ावा पुलिस चौकी पर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी से आगे की पूछताछ की जा रही है। यह खरगोन पुलिस की गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार दूसरे दिन की कार्रवाई है। इससे पहले गुरुवार को भी पुलिस ने चैनपुर क्षेत्र से करीब 8 लाख रुपए मूल्य के गांजे के साथ एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया था।


