मंदसौर के शहरवासियों को शीघ्र ही शुद्ध एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। मंदसौर के रामघाट में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत शुक्रवार 11 करोड़ 11 लाख रुपए की लागत से नवीन फिल्टर प्लांट, पानी की टंकियों एवं डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन निर्माण कार्य का भूमिपूजन उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी गुर्जर, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, नगर पालिका पार्षदगण सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में उपयोग में लिया जा रहा फिल्टर प्लांट लगभग 48 वर्ष पुराना है। नए फिल्टर प्लांट के निर्माण से मंदसौर शहर के सभी परिवारों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल मिलेगा। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में अमृत 2.0 योजना और ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के माध्यम से सरकार हर घर तक पानी पहुंचाने के संकल्प पर कार्य कर रही है। फिल्टर प्लांट स्थल का निरीक्षण भी किया
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली, जल एवं स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपने शहर, गांव और घर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने फिल्टर प्लांट स्थल का निरीक्षण भी किया। 16 एमएलडी क्षमता का प्लांट, तीन टंकियां और सौंदर्यीकरण कार्य
राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने बताया कि 16 एमएलडी क्षमता का फिल्टर प्लांट, तीन पानी की टंकियां तथा तेलिया तालाब का सौंदर्यीकरण कार्य एक साथ किया जाएगा। इससे शहर की जलापूर्ति व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। वर्तमान में चंबल नदी से लगभग 60 प्रतिशत जलापूर्ति की जा रही है। साथ ही 3300 करोड़ रुपए की लागत से मंदसौर बैराज परियोजना का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिससे भविष्य में शहर को और अधिक जल उपलब्ध हो सकेगा। सीवरेज कार्य भी प्रारंभ हो चुका है, जिससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार आएगा। कार्यक्रम के बाद उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू समुदायों के शैक्षणिक, सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए संचालित जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


