पंजाब सरकार की ओर से मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में चलाई जा रही युद्ध नशों के विरुद्ध मुहिम के तहत अमृतसर ग्रामीण पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस कार्रवाई के दौरान थाना घरिंडा पुलिस ने एक नशा तस्कर को काबू कर उसके कब्जे से 1 किलो 523 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस का दावा है कि यह खेप अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ी हुई है, जिससे नशा सप्लाई चेन को बड़ा झटका लगा है। इस संबंध में मीडिया से बातचीत करते हुए डीएसपी यादविंदर सिंह ने बताया कि थाना घरिंडा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दिलबाग सिंह उर्फ बागा, पुत्र सुखदेव सिंह, निवासी राजा-ताल, पाकिस्तान सीमा पार से हेरोइन मंगवाकर इलाके में सप्लाई कर रहा है। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज राजाताल तलविंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई और बताए गए स्थान पर छापेमारी की गई। छापेमारी में 1 किलो 523 ग्राम हेरोइन सहित तस्कर गिरफ्तार छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी को रंगे हाथों हेरोइन समेत गिरफ्तार कर लिया। जब बरामद नशीले पदार्थ का वजन किया गया तो वह 1 किलो 523 ग्राम निकला। डीएसपी ने बताया कि आरोपी पाकिस्तान से नशा मंगवाने के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और इस पूरे मामले की जांच बीएसएफ के तालमेल से भी की जा रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। दिनांक 26 अगस्त 2025 को भी आरोपी के पास से 9 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ था, जिस पर केस दर्ज किया गया था। अब आरोपी के खिलाफ नया मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है और नशा सप्लाई नेटवर्क की हर कड़ी को खंगाला जा रहा है। डीएसपी ने साफ शब्दों में कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को बर्बाद करने वालों के लिए किसी भी तरह की कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। पुलिस पूरी सख्ती के साथ नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।


