रायसेन शहर के दशहरे मैदान में शुक्रवार को सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एक दूल्हा शादी के बाद अपनी दुल्हन को बाइक से लेकर घर की और रवाना हुआ। इस नजारे को वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में कैद किया। प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री कन्या विवाह व निकाह योजना के तहत रायसेन में कुल 92 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इनमें 35 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जबकि 57 जोड़ों का निकाह कराया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी और जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा ने कन्यापूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर विधायक डॉ. चौधरी ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, नगर पालिका अध्यक्ष सविता सेन भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा ने भी संबोधित किया। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री कन्या विवाह व निकाह योजना के अंतर्गत सभी जोड़ों को 49-49 हजार रुपए का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में (डीबीटी के माध्यम से) किया गया। इस दौरान एसडीएम मनीष शर्मा, सामाजिक न्याय विभाग के उप संचालक मनोज बॉथम, पीओ डूडा और सीएमओ रायसेन सुरेखा जाटव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


