बसंत पंचमी के अवसर पर जहां देशभर में खुशी का माहौल रहा, वहीं बरनाला में चाइना डोर का कहर जारी है। चाइना डोर की चपेट में आने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक व्यक्ति की हालत नाजुक होने के कारण उसे बठिंडा एम्स अस्पताल रेफर किया गया है। घायल वीरपाल कौर और उनके परिवार की सदस्य रानी कौर ने बताया कि वे मोटरसाइकिल पर दवा लेने जा रहे थे। अचानक उनके गले में चाइना डोर फंस गई, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए और गला कट गया। डॉक्टरों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है, लेकिन हालत गंभीर बनी है। सरकारी अस्पताल के डॉक्टर गुरमेहर ढिल्लों ने जानकारी दी कि उनके पास चाइना डोर से घायल तीन मामले आए हैं। इनमें से एक मरीज की हालत बेहद गंभीर है, जिसके गले में लगभग 12 टांके लगे हैं। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एम्स बठिंडा रेफर कर दिया गया है। चाइना डोर बेचने पर तीन के खिलाफ एफआईआर डीएसपी बरनाला सतवीर सिंह ने बताया कि पुलिस चाइना डोर के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। बीती शाम भी चाइना डोर बेचने वाले कुछ लोगों को पकड़ा गया है। इस संबंध में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिनमें बरनाला के पूर्व कांग्रेसी पार्षद महेश लोटा का एक बेटा भी शामिल है। पुलिस द्वारा चाइना डोर बेचने और इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ लगातार छापेमारी की जा रही है और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।


