जालंधर| शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश में तेज रफ्तार वाहनों की वजह से पांच सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, वहीं चार लोग घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ियां काफी तेज रफ्तार में थीं और बारिश के कारण सड़क पर फिसलन होने से चालकों ने नियंत्रण खो दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घायलों को सिविल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। उधर, इन हादसों में सात वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। जिन्हें सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। भोगपुर हाईवे पर डल्ली कट के पास एक बड़ी लापरवाही के कारण तीन वाहन आपस में टकरा गए। जानकारी के अनुसार, गांव गेहलड़ा के रहने वाले बलजीत सिंह अपनी वैगनार कार में भोगपुर की ओर जा रहे थे। उन्होंने बिना इंडिकेटर दिए सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर दी, जिससे पीछे से आ रही महिंद्रा पिकअप उससे टकरा गई। इसी दौरान पिकअप गाड़ी के पीछे से आ रही एक ऑल्टो कार भी पिकअप में जा टकराई। सड़क सुरक्षा फोर्स के इंचार्ज एएसआई रंधीर सिंह ने बताया कि हादसे में तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं, लेकिन गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। फोर्स ने सेफ्टी कोन लगाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया और जाम खुलवाया। वहीं, इसी तरह एक अन्य घटना में जनता कॉलेज के पास जालंधर से भोगपुर जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप डिवाइडर तोड़कर दूसरी साइड जा रही किआ कार से टकराकर पलट गई। इस हादसे में भी दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुईं, लेकिन एयरबैग खुलने से कार सवारों की जान बच गई। बस्ती बावा खेल के पास आधी खुई इलाके में एक और हादसा सामने आया। यहां सड़क किनारे खड़ी एक सामान से लदी पिकअप गाड़ी में पीछे से आ रही तेज रफ्तार लेंसर कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लियो फिनायल का सामान ले जा रही गाड़ी सड़क पर ही पलट गई और सारा सामान बिखर गया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि कार नेट प्लस कंपनी के लड़के चला रहे थे। टक्कर के बाद कार के एयरबैग खुल गए, जिससे चालक बाल-बाल बचे। कार सवार युवक मामूली चोटों के बावजूद मौके से चले गए। पुलिस को सूचना दे दी गई है और अब कार मालिकों के आने के बाद ही अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात बहाल करवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गोराया हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बरसात होने के कारण काफी देर तक उसकी लाश रोड के किनारे ही पड़ी रही। स्थानीय लोगों को पता लगा तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया। मृतक व्यक्ति की पहचान राम लुभाया निवासी अपरा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल में भिजवा दिया है। दूसरा हादसा जालंधर अमृतसर हाईवे पर सुभानपुर के पास हुआ। जिसमें ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मारी। बरसात होने के कारण ट्रक चालक को ये नहीं पता चला कि बाइक का हिस्सा उसके नीचे फंस गया है। बाइक चालक की पहचान करतारपुर निवासी राजेश के रुप में हुई है। जो ड्यू टी से घर लौट रहा था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया और परिवार को सूचित कर दिया गया।


