भास्कर न्यूज | अमृतसर नगर निगम अमृतसर ने आवारा कुत्तों के प्रबंधन और उनके लिए ‘फीडिंग प्वाइंट्स’ निर्धारित करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इस संबंध में शुक्रवार को नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त सुरिंदर सिंह की अध्यक्षता में डॉग लवर्स और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आवारा कुत्तों को खाना खिलाने के लिए चिन्हित किए जाने वाले स्थान (फीडिंग प्वाइंट्स) धार्मिक स्थलों, ऐतिहासिक स्मारकों, स्कूलों और अस्पतालों जैसे भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर होंगे। इसका मुख्य उद्देश्य पशु कल्याण के साथ-साथ जन-सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अतिरिक्त आयुक्त ने सभी मेडिकल ऑफिसर ऑफ हेल्थ (एमओएच) और फील्ड अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि वे अपने-अपने वार्डों में जाकर स्वच्छता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त जगहों का चयन करें। नगर निगम जल्द ही एक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी करेगा, जिस पर लोग आवारा कुत्तों से संबंधित शिकायत या जानकारी दे सकेंगे।


