बगोदर | भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहु का शनिवार को बगोदर में जोरदार स्वागत किया जाएगा। रांची से गिरिडीह जाने के क्रम में बगोदर स्थित हरिहर धाम के समीप भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया जाएगा। इस संबंध में बगोदर प्रखंड सांसद प्रतिनिधि सह भाजपा नेता महेश मिश्र ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहु रांची से सड़क मार्ग के जरिए गिरिडीह प्रस्थान करेंगे। इस दौरान बगोदर में विधायक नागेंद्र महतो के नेतृत्व में उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। स्वागत कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महेश मिश्र ने बताया कि अपने दौरे के दौरान प्रदेश अध्यक्ष जिला मुख्यालय गिरिडीह के अलावा डुमरी और पीरटांड़ प्रखंडों में आयोजित विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। गांडेय | सरस्वती पूजा के मद्देनजर शुक्रवार को एसडीपीओ जीत वाहन उरांव गांडेय पहुंचे और विभिन्न पूजा पंडालों का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लिया।इस दौरान उन्होंने गांडेय के क ई पूजा पंडालों में मां शारदे का दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया।वहीं पूजा व आयोजन कमेटी के पदाधिकारियों व श्रद्धालुओं से शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूजा अर्चना करने की अपील की।मौके पर गांडेय थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह,अहिल्यापुर थाना प्रभारी गुलाम गौस हुसामी,भाजपा नेता यदुनंदन पाठक,नरेंद्र गुप्ता,रुद्र संकेत गुप्ता,विकास पाठक समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे। भास्कर न्यूज |गिरिडीह भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की पहल “परीक्षा पे चर्चा” कार्यक्रम के अंतर्गत पराक्रम दिवस पर शुक्रवार, 23 जनवरी को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में एक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता की थीम “पराक्रम दिवस – ऑपरेशन सिंदूर” पर आधारित रही, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, शौर्य और राष्ट्रीय चेतना का भाव जागृत करना था।क्विज प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, गिरिडीह से कक्षा 6 से 12 तक के 12 विद्यार्थी, जिला सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस पचंबा से कक्षा 9 से 12 तक के 10 विद्यार्थी, कस्तूरबा गांधी बालिका सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, गिरिडीह से 10 छात्र-छात्राएँ, डीएवी सीसीएल गिरिडीह से 10 विद्यार्थी, प्लस टु उत्क्रमित उच्च विद्यालय सुग्गासार से 10 विद्यार्थी, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय से 20 विद्यार्थी तथा प्लस टु हाई स्कूल गिरिडीह से 5 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति, राष्ट्रीय इतिहास, वीरता और समसामयिक विषयों से जुड़े प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी बौद्धिक क्षमता और प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। छात्रों में प्रतियोगिता को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।प्रतियोगिता के समापन के पश्चात सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं उपस्थिति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का सफल आयोजन विद्यालय के प्राचार्य जितेंद्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल प्रतियोगी भावना का अनुभव मिला, बल्कि राष्ट्रप्रेम और आत्मविश्वास को भी नई दिशा प्राप्त हुई।


