भास्कर न्यूज | जालंधर लायलपुर खालसा कॉलेज, जालंधर के 11 एनएसएस स्वयंसेवकों को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड की झांकियों के लिए चुना गया है। प्रिंसिपल डॉ. रशपाल सिंह संधू ने बताया कि रक्षा मंत्रालय द्वारा कड़े अभ्यास और कड़ी जांच प्रक्रिया के बाद इन विद्यार्थियों का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि यह पूरे पंजाब के लिए गर्व की बात है कि कॉलेज के विद्यार्थी भारत के संविधान को अपनाने के इस शानदार जश्न का हिस्सा बनने जा रहे हैं, जिसका दुनिया भर में सीधा प्रसारण किया जाएगा। इस वर्ष की परेड में विशेष बात यह है कि जसकरण सिंह को पंजाब की झांकी का टीम लीडर चुना गया है। पंजाब की यह झांकी श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी पर्व को समर्पित है, जो विश्व शांति और भाईचारे का संदेश देती है। अपनी श्रद्धा प्रकट करने के लिए पूरी टीम ने यह साहसिक निर्णय लिया है कि वे श्री गुरु तेग बहादुर जी की महान कुर्बानी को श्रद्धांजलि देने के रूप में 8 किलोमीटर लंबे ‘कर्तव्य पथ’ पर नंगे पांव परेड करेंगे। मुख्य एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर प्रो. सतपाल सिंह ने बताया कि इन स्वयंसेवकों ने इस मुकाम तक पहुँचने के लिए पिछले एक साल से कड़ी मेहनत की है। पंजाब की झांकी में कुल 14 प्रतिभागी शामिल हैं, जिनमें से 9 अकेले लायलपुर खालसा कॉलेज से हैं, जबकि कॉलेज के 2 अन्य स्वयंसेवक दूसरी झांकियों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। चयनित विद्यार्थियों में जसकरण सिंह, जसकरण गाधरा, गुरजाप सिंह, गुरविंदर कौर, सादिया, अंजलि, सुखप्रीत कौर, आकृति, मुस्कान, अभिजीत सिंह और कमलजीत सिंह शामिल हैं।


