गीदम| ऋतुराज वसंत के आगमन पर गीदम में विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा-अर्चना बड़े धूमधाम से की गई। नगर के सभी शिक्षण संस्थाओं में सरस्वती पूजन का आयोजन किया गया। सुबह से ही छोटे-बड़े सभी लोग रंग-बिरंगे कपड़े पहनकर स्कूल की ओर जा रहे थे, जैसे ऋतुराज अपने पूरे शबाब पर हो। सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय गीदम में भी विद्या की देवी मां सरस्वती का पूजन उत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में ही कार्यक्रम आयोजित किया गया। सबसे पहले विधि विधान से पूजा-अर्चना कर मां से विद्या, बुद्धि और ज्ञान प्राप्त करने के लिए प्रार्थना की गई। 21 कुण्डीय हवन यज्ञ कर आहूति डाली गई। कार्यक्रम में बच्चों ने भजन गाकर माहौल को भक्ति मय बना दिया। विद्यार्थियों ने माता को कॉपी, पुस्तक, पेन और पीले वस्त्र अर्पित कर आशीर्वाद मांगा।


